राहुल की न्याय यात्रा के लिए ट्रेन से धौलपुर रवाना हुए अशोक गहलोत

Ashok Gehlot left for Dholpur by train


जयपुर, 2 मार्च (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को जयपुर से धौलपुर के लिए ट्रेन से रवाना हुए। वे आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में धौलपुर से शुरू हो रही कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल होंगे। पूर्व सीएम का पहले जयपुर से धौलपुर सड़क मार्ग से जाने का कार्यक्रम बन रहा था, लेकिन बाद में इस सफर को ट्रेन से पूरा करने का कार्यक्रम फाइनल हुआ। ट्रेन में सफर के दौरान पूर्व सीएम गहलोत के साथ राज्यसभा सांसद नीरज डांगी और राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) के पूर्व चेयरमेन धर्मेंद्र राठौड़ भी मौजूद रहे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज धौलपुर से शुरू होकर मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। दोपहर दो बजे धौलपुर जिले के राजाखेड़ा बायपास पर राहुल का रोड शो होगा। सात मार्च को मध्यप्रदेश से यात्रा वापस आदिवासी बहुल बांसवाड़ा जिले में प्रवेश करेगी। पूर्व सीएम गहलोत ने सुबह धौलपुर रवानगी से पहले जयपुर रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत की। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर उन्होंने कहा कि यह बहुत ऐतिहासिक यात्रा रही है, अब यह अपने अंतिम पड़ाव पर है। राहुल गांधी ने प्रयास किया है कि मणिपुर से एक शांति यात्रा, न्याय यात्रा शुरू हो। ये बहुत कामयाब यात्रा रही। लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिली है।' कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी की यात्रा दोपहर दो बजे राजाखेड़ा बाईपास से शुरू होगी। करीब एक घंटे के बाद ही दोपहर तीन बजे तक ये यात्रा गुलाब बाग, सागर पाड़ा होती हुई मध्य प्रदेश के मुरैना में प्रवेश करेगी।

यात्रा में शामिल होने के लिए राजस्थान प्रभारी महासचिव सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पदाधिकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व विधायक समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस जन धौलपुर पहुंच चुके हैं।



हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप