जयपुर : भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि गहलोत सरकार अदृश्य है और कानून व्यवस्था तथा सरकार दोनों गायब हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की सरकार... गहलोत की सरकार अदृश्य है। सब कुछ अस्त व्यस्त है... कानून व्यवस्था और सरकार दोनों गायब है।’’ उन्होंने कहा कि गांवों में लोगों से सरकार के कामकाज के बारे में पूछने पर लोग बस बिजली, पानी की दिक्कतों की ही बात करते हैं।

वे यहां भाजपा के जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। सम्मेलन को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी संबोधित किया। राजे ने कहा, ‘‘राज्य में रोज दुष्कर्म हो रहे हैं, लूट हो रही है, हत्याएं हो रही हैं... सरकार के तीन साल गुजर गये और काम गिनती करने पर आपको कुछ नहीं मिलने वाला। बस एक ही काम में लगे हैं कुर्सी कैसे बचाई जाए।’’

उन्होंने गहलोत सरकार पर उनकी पूर्ववर्ती सरकार की योजनाओं का नाम बदलने या उन्हें बंद करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी चुनावी वादों पर खरा नहीं उतरी है। उन्होंने राज्य में पेट्रोल व डीजल के दाम तुलनात्मक रूप से अधिक होने के लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘आज सबसे ज्यादा अगर महंगाई है तो राजस्थान में है और इन्हीं कारणों से जनता पूरी तरह से त्रस्त है और मन बनाकर बैठी है 2023 बहुत दूर नहीं है।’’

राजे ने कहा, ‘‘मैं आप सबको यह विश्वास दिलाना चाहती हूं कि हम आने वाले समय में यहां कमल खिलायेंगे और हम मिलकर राज वापस लाने का काम करेंगे।’’