कानपुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की रात एक 80 साल की बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। प्रकरण संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करके आरोपित की तलाश शुरू कर दी।

अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम विजेन्द्र द्विवेदी ने शुक्रवार को बताया कि बिल्हौर थाना क्षेत्र में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला गुरुवार की रात घर पर अकेली सो रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला 22 वर्षीय युवक शराब के नशे में उनके घर में घुसा और बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने वृद्धा को मारापीटा, जिसमें पीड़िता का दांत भी टूट गया। बुजुर्ग के शोर मचाने पर आरोपित दीवार फांदकर मौके से भाग निकला। परिवार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीड़ित महिला और आरोपित एक ही मोहल्ले के रहने वाले स्वजातीय पड़ोसी हैं। पीड़िता पारिवारिक नाते से अभियुक्त की दादी लगती है। अभियुक्त भूसे के गाड़ी पर भूसा भरने एवं मजदूरी करता है और शराब पीने का आदी है। फिलहाल वारदात के बाद आरोपित फरार है। पीड़ित परिवार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।



हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/दीपक/दिलीप