लखनऊ, 01 मई (हि.स.)। चुनाव संचालन की दृष्टि से लखनऊ लोकसभा के अन्तर्गत सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा ने चुनाव कार्यालय खोला है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को हवन पूजन करने के साथ कैंट विधानसभा क्षेत्र के चुनाव कार्यालय का उदघाटन किया।



इस अवसर पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ से राजनाथ सिंह को अबकी बार पांच लाख पार से जीतना है। इसके लिए हम सब को मेहनत करनी है। उन्होंने कहा कि हम धर्म की राजनीति नहीं करते। हमारा विश्वास सबका साथ-सबका विकास में है। हम जब से सरकार में आए हैं, ऐसी कोई नीति नहीं बनाई, जिससे किसी का नुकसान हो। देश पिछली सरकारों के पापों को भुगत रहा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आपका एक वोट बहुत कीमती है। एक वोट से ही देश का भविष्य तय होने वाला है। इसलिए वोट देने जरूर जाएं।



इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, अरविन्द त्रिपाठी, सुधीर हलवासिया, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, बाल संरक्षण आयोग की सदस्य अनीता अग्रवाल, विनायक पाण्डेय, शरद और स्वाती सिंह उपस्थित रहीं।



हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/दिलीप