देहरादून, 25 अप्रैल (हि.स.)। राज्यसभा सदस्य के लिए निर्विरोध निर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को नई दिल्ली में राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली। राज्यसभा के सभापति और उप राष्ट्रपति जगदीप धनकड़ ने उन्हें सदस्यता दिलाई।

विधानसभा से राज्यसभा तक का सफर-

शपथ ग्रहण के बाद राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा में काम करने का मौका दिया है। राज्यसभा सदस्य के रूप में वे उत्तराखंड के विकास के लिए काम करते रहेंगे। भट्ट उत्तराखंड के सीमांत जिले चमोली के निवासी हैं। वह बद्रीनाथ विधानसभा से विधायक भी रह चुके हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बद्रीनाथ विधानसभा से हार का सामना करना पड़ा था। वह वर्तमान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/रामानुज