झारग्राम (पश्चिम बंगाल):पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ‘अनुचित’ भाषा का इस्तेमाल कर उन्हें निशाना बना रही हैं। घोष ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ‘‘शिष्टाचार की संस्कृति में विश्वास नहीं रखती हैं।’’

पार्टी के सहयोगी शुभेंदु अधिकारी के साथ जनसभा को संबोधित करते हुए घोष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री, महज राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी होने के कारण देश के दो शीर्ष नेताओं के खिलाफ अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करने से परहेज नहीं करती हैं।

घोष ने कहा, ‘‘इस बारे में सोचिए...वह (ममता) प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को बाहरी बताती हैं। वह हमारे अतिथियों का अपमान करती हैं। उन्होंने जनसभा में प्रधानमंत्री को अमर्यादित तरीके से संबोधित किया। मुख्यमंत्री के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने भी हमारे नेता शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ अशिष्ट तरीके से बात की।’’

घोष ने भीड़ से पूछा, ‘‘क्या आप ऐसे लोगों को वोट देना चाहेंगे जो इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हैं।’’

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले तृणमूल कांग्रेस के कुछ और नेता भाजपा में शामिल होना चाहते हैं और कहा कि राज्य का सत्तारूढ़ खेमा ‘डूबती हुई नौका’ के समान है।

अधिकारी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने उनसे जानना चाहा था कि उनकी पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान कमजोर प्रदर्शन क्यों किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने स्पष्ट तौर पर बता दिया कि स्थानीय नेताओं द्वारा अपनाए गए भ्रष्ट तौर-तरीके के कारण ऐसा हुआ।’’