गोलाघाट (असम), 05 नवंबर (हि.स.)। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांग्चुक के सम्मान में काजीरंगा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। आज दी गई जानकारी के अनुसार राजा ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया।



ज्ञात हो कि काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल है, जो एक सींग वाले भारतीय गैंडों की दुनिया की सबसे बड़ी आबादी का बसेरा है। राजा भारत की आधिकारिक तीन दिवसीय यात्रा पर गुवाहाटी 3 नवंबर को पहुंचे थे। यात्रा के पहले चरण में राजा का असम में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने राजा के सम्मान में एक सांस्कृतिक संध्या और रात्रिभोज का आयोजन किया।

इससे पूर्व भारत की आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन राजा ने असम के शिक्षा मंत्री डॉ रनोज पेगू के नेतृत्व में गुवाहाटी में असम में शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत भूटान के छात्रों से मिले। उसके बाद उन्होंने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करने के लिए गोलाघाट जिले की यात्रा की।

असम की वित्त मंत्री अजंता नेउग ने जोरहाट हवाई अड्डे पर राजा का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहां से वे काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान सड़क मार्ग से पहुंचे। काजीरंगा के कोहरा वनांचल में उनके सम्मान में विभिन्न प्रकार की तैयारियां पहले से ही की गई थीं। काजीरंगा में उन्होंने जीप तथा हाथी की सफारी की। राजा के स्वागत में विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई। काजीरंगा में राजा रात्रि भोज में शामिल हुए। राजा काजीरंगा के वन्य प्राणियों को देखकर काफी रोमांचित हुए।